राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि एक जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। वे शनिवार को जंक्शन के अग्रसेन भवन में आयोजित जन गोष्ठी में बोल रहे थे। इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत केवल भौगोलिक भूखंड नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है। इसे समझने के लिए समाज का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि समाज की जागरूकता, एकता और सकारात्मक सोच ही राष्ट्र को सशक्त बनाती है। उन्होंने युवाओं से सेवा, सद्भाव और नैतिकता को अपनाकर समाज में परिवर्तन लाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इंद्रेश कुमार ने यह भी कहा कि बच्चों को केवल नौकरी के लिए किताबी ज्ञान नहीं देना चाहिए, बल्कि उन्हें जीवन के मूल्य भी सिखाए जाने चाहिए। राष्ट्र सुरक्षा को हर नागरिक का दायित्व बताते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि अनुशासन, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा ही सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि देश की महानता नागरिकों की सोच और कर्म में निहित है, और हमारे बदलने से ही युग बदलेगा। कार्यक्रम के अंत में इंद्रेश कुमार ने उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब भी दिए। इस गोष्ठी में राजेंद्र मदान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला संघ चालक मोमनचंद मित्तल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर शहर के कई शिक्षाविद, डॉक्टर, व्यापारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद थे। इस दौरान आरएसएस के हनुमानगढ़ जिला प्रचार विभाग और संपर्क विभाग द्वारा विश्व संवाद केंद्र जोधपुर प्रांत के बैनर तले कार्यक्रम स्थल पर संघ साहित्य की एक बुक स्टॉल भी लगाई गई थी।


