भरतपुर जाटव महासभा के अध्यक्ष पद पर हरदेव सिंह निर्विरोध चुने गए हैं। शहर के सूरजपोल स्थित अंबेडकर पार्क में जाटव महासभा का चुनाव हुआ। हरदेव सिंह के अलावा किसी और भी प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी नहीं की। इसलिए उन्हें निर्वाचन समिति ने जाटव महासभा का अध्यक्ष घोषित कर दिया। चुनाव अधिकारी सूबेदार पूरन सिंह ने बताया- चुनाव प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक में 3 मार्च को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना तय हुआ था। अध्यक्ष पद के लिए 1 मार्च को नामांकन भरे गए। जिसमें सिर्फ हरदेव सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा। आज चुनावों का नतीजा आया। अकेले दावेदार होने के कारण हरदेव सिंह को जाटव महासभा का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। अध्यक्ष बनने पर हरदेव सिंह का माला पहना कर स्वागत किया गया। जिसके बाद हरदेव सिंह ने बाबा साहब भीम अंबेडकर की प्रतिमा को माला पहनाकर नमन किया। हरदेव सिंह ने कहा-संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को संगठन से जोड़ा जाएगा। कुरीतियों को ख़त्म करने के लिए लोगों से समझाइश की जाएगी। लोगों को शिक्षा की तरफ बढ़ाने का काम किया जाएगा। पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण कैन ने कहा की जाटव महासभा के लिए दो महीने पहले सदस्यता अभियान चलाया गया था। इस दौरान 2025 से 2027 तक के समय के लिए सदस्य बनाए गए।


