अजमेर रोड स्थित भांकरोटा के बोरडी वालों की ढाणी में बिना दहेज शादी की मिसाल पेश की गई। सांगानेर के कपूरवाला से शंकर काजला अपने बेटे रोहित की बारात लेकर पहुंचे, जहां उनका विवाह रमेश शर्मा की बेटी किरण शर्मा से हुआ। समाज के पंच पटेलों की उपस्थिति में वर पक्ष को दहेज के रूप में केवल 1 रुपया और कन्या सहित कलश देकर विदा किया गया। किरण के चाचा पप्पू शर्मा ने बताया कि वर पक्ष ने बिना दहेज शादी कर समाज में नया संदेश दिया है। शंकर काजला ने कहा कि वे बहू नहीं, बेटी लेकर जा रहे हैं। हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण काजला ने हाल ही में हुई बैठक में शादी समारोह में फिजूलखर्ची रोकने के लिए 9 प्रस्तावों को मंजूरी दी थी, जिसमें दहेज न लेने का निर्णय भी शामिल था। उन्होंने इस शादी को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए वर-वधू पक्ष को शुभकामनाएं दीं।


