बाबा बनकर 14 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी तांत्रिक निहाल बेग को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) कुमुदिनी पटेल ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। 11 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। मामले के अनुसार पीड़िता के पिता ने डिजिटल एजुकेशन का बिजनेस शुरू किया था। इसमें नुकसान होने पर आरोपी उनके संपर्क में आया। उसने कहा कि उनके काम में रुकावट है, उनके ऊपर (बंधेज) जादू-टोना किया गया है। उसे खत्म करना पड़ेगा। उसकी बातों में आकर वे उसे घर ले आए थे । इसी दौरान आरोपी घर के सभी सदस्यों को बारी-बारी कमरे में लेकर गया। जब वो पीड़िता को कमरे में लेकर गया, तो वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वह पीड़िता के साथ डेढ़ साल तक हफ्ते में दो बार दुष्कर्म करता रहा। मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला व नवीन श्रीवास्तव ने पैरवी की है। घटना 7 सितंबर 2021 की हबीबगंज थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके इलाके में फल का ठेला लगाता था। बिजनेस में नुकसान होने पर पिता निहाल को तंत्र-मंत्र के लिए घर लाए थे । जब आरोपी उनके घर पहुंचा तो पीड़िता से कहा कि उसे उसके साथ संबंध बनाने होंगे, जिससे जादू-टोने का असर कम होगा। ऐसा नहीं किया तो उसके माता-पिता की मौत हो जाएगी। 29 मार्च 2023 को आरोपी ने जादू-टोने का असर खत्म होने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया। प्रार्थना कराता था, मंत्र पढ़कर पानी पिलाता था आरोपी निहाल घर के सभी सदस्यों को बारी-बारी कमरे में लेकर जाता था। इसके बाद वो एक ग्लास में पानी लेकर उसमें मंत्र पढ़कर फूंकता था। इसके बाद पीड़िता से प्रार्थना करवाता था और उससे पानी पीने को कहता था। आरोपी पीड़िता से कहता था जादू-टोने का असर उस पर आ गया है, इसलिए वो उसके साथ संबंध बनाता है। आरोपी ने पीड़िता से कहा था कि उसे और भी कई लोगों के साथ संबंध बनाने होंगे। कोर्ट ने दिलाई 5 लाख रुपए क्षतिपूर्ति कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए पीड़िता को क्षतिपूर्ति के रूप में 5 लाख रुपए की राशि दिलाई है। कोर्ट का कहना है कि पीड़िता ने अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी कर ली है। उसके पिता का भी देहांत हो चुका है। पीड़िता नर्सिंग की पढ़ाई करना चाहती है। जिसके लिए उसे 5 लाख रुपए की राशि कोर्ट की ओर से दिलाई जाती है। मां ने कहा- जमानत पर छूटने के बाद भी आरोपी ने बदनाम किया
आरोपी को सजा सुनाने से पहले पीड़िता की मां को कोर्ट में बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने बताया कि जमानत पर छूटने के बाद भी आरोपी ने परिवार को परेशान करना जारी रखा। आरोपी निहाल ने मनुआभान टेकरी पर पीड़िता का मोबाइल नंबर लिख दिया था और उसके नीचे उसने कार्ल गर्ल लिख दिया था। इसके बाद से पीड़िता को अंजान लोगों के कॉल आना शुरू हो गए थे। इसके बाद पुलिस में इसकी भी शिकायत की गई थी।


