भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब पब्लिक सर्विस कमिशन (पीपीएससी) द्वारा पंजाब स्टेट सिविल सर्विसेस कंबाइंड कंपीटिटिव एग्जामिनेशन-2025 के संबंध में गाइडलाइंस जारी की हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में कमिशन द्वारा 322 पद भरे जाने हैं। जिनके लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। लेकिन आवेदन के दौरान कई समस्याएं आने के कारण कमिशन द्वारा यह निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत दसवीं स्तर का पंजाबी का एग्जाम पास होना जरुरी है। इसके लिए कट-ऑफ तारीख पीसीएस सीसीई प्रीलिमनरी एग्जामिनेशन से एक दिन पहले की होगी। अगर उम्मीदवार द्वारा ग्रेजुएशन में पंजाबी पास की हो तो उसे भी योग्य माना जाएगा। अगर उम्मीदवार द्वारा पीपीएससी द्वारा आयोजित प्रीलिमनरी एग्जाम में जनरल स्टडी या सिविल सर्विसेस एप्टीट्यूड टेस्ट(सीएसएटी) में से कोई एक पेपर भी दिया है तो उसे अटेंप्ट में गिना जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि उम्मीदवार को खुद ही अपने अटेंप्ट की संख्या पर नजर रखनी होगी। अगर किसी भी स्तर पर यह पाया जाता है कि उम्मीदवार द्वारा तय अटेंप्ट से ज्यादा बार परीक्षा में अपीयर हुए हैं तो उसे डिसक्वालिफाई कर दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सिर्फ एक ही फॉर्म भरने के लिए कहा गया है। हालांकि अगर एक से ज्यादा फॉर्म भरने के बाद उन्हें मल्टीपल रोल नंबर जारी हो जाते हैं तो सिर्फ उसी रोल नंबर को माना जाएगा जिस पर वो परीक्षा देंगे। ग्रेजुएशन के फाइनल इयर में अपीयर हो रहे उम्मीदवारों को ऑनलाइन फॉर्म भरने के दौरान डिग्री कंप्लीटेड के ऑप्शन पर नहीं भरने के बाद आखिरी समेस्टर में हासिल अंक भरने होंगे। उम्मीदवारों को ई-मेल आईडी और संपर्क नंबर भी अपना खुद का भरने के लिए कहा गया है। जिससे कि बाद में कम्यूनिकेशन के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इन पदों के लिए आवेदन करने की अधिकतम उम्र सीमा 37 साल तय की गई है और नियमों के तहत रिजर्व्ड श्रेणी के उम्मीदवारों को उम्र सीमा में राहत मिलेगी। हालांकि डिप्टी सुप्रींटेंडेंट पुलिस और डिप्टी सुप्रींटेंडेंट जेल और डिस्ट्रिक्ट प्रोबेशन अफसर के लिए 21 से 28 साल के उम्मीदवार ही आवेदन करने के लिए योग्य होंगे। प्रीलिमनरी एग्जाम में उम्मीदवारों को जनरल स्टडीज और सिविल सर्विसेस एप्टीट्यूड टेस्ट(सीएसएटी) का टेस्ट होगा। इसमें 180 सवालों के जवाब देने होंगे। दोनों पेपर 200-200 अंक के होंगे। आवेदन के लिए 31 जनवरी आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी और आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को https://ppsc.gov.in/ पर विजिट करना होगा।


