टोंक के पीपलू थाना क्षेत्र के गहलोद में जानलेवा हमले के मामले में शुक्रवार को कलेट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। लोगों ने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सर्व समाज की ओर से डाक बंगले में सभा बुलाई गई। यहां से लोग जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गहलोत गांव के लोगों ने बताया- 17 दिसंबर (बुधवार) को पीपलू तहसील क्षेत्र के गहलोद चौराहे पर बैठे दो-तीन लोगों पर 10-15 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमला करने के बाद वे फरार हो गए। हमले में मुकेश जाट और कालूराम जाट गंभीर घायल हो गए। उनके पैर फ्रैक्चर हो गए। तीन दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सभी आरोपी अवैध बजरी खनन करते हैं और लोगों से वसूली करते हैं। ये रामदेवजी मंदिर के पास नॉनवेज ढाबा भी संचालित कर रहे हैं। इससे शराबी आते-जाते रहते हैं। इससे खासकर महिलाओं के मन में डर का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन देने वालों में शंकर चौधरी, शिवराज गौरा, लेखराज जाट, विशाल जाट, सुवालाल गुर्जर, परमानन्द, कजोड़ धनकड़, हनुमान, रमेश, रेखा, विमला एवं शैतान शामिल रहे। ,


