जामताड़ा जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में, एसपी राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने लगभग तीन लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब जब्त की है। उत्पाद अधीक्षक कुणाल कोशल ने जानकारी देते हुए बताया कि केंदबेना के पास एक ब्रिज के पास खड़े ट्रक में अवैध शराब के भंडारण और तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद, उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर ट्रक को जब्त किया। तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए ट्रक में नीचे अवैध शराब रखकर ऊपर से जूट के बोरे रखे थे, जिससे किसी को भनक नहीं लगती थी। छापेमारी के दौरान, ट्रक से नीले रंग के 35 जार में कुल 1050 लीटर स्पिरिट बरामद हुई। इसके अतिरिक्त, ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 10 पेटी अवैध शराब (कुल 86 लीटर, 480 पीस) भी जब्त की गई। इस अवैध कारोबार में केंदबेना निवासी कुख्यात शराब माफिया मनोज मंडल की संलिप्तता सामने आई है। हालांकि, वह मौके से फरार होने में सफल रहा। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मनोज मंडल एक अंतरराज्यीय शराब माफिया है और पहले भी उसके खिलाफ करोड़ों रुपए की अवैध शराब बरामद की जा चुकी है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग की टीम में एसआई निखिल कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।


