15 दिन से लापता युवती का शव नदी में मिला:रीवा में परिजनों ने जताई थी अनहोनी की आशंका; पुलिस पर लापरवाही का आरोप

रीवा के मनगवां थाना क्षेत्र में 15 जनवरी से लापता युवती का शव शुक्रवार को गांव के पास बहने वाली सेंगरी नदी में तैरता हुआ मिला। मृतका की पहचान प्रीती तिवारी (20), निवासी तिवनी चौथियान टोला के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि प्रीती 15 जनवरी को घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद पिता चन्द्र प्रकाश तिवारी ने मनगवां थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस के सामने अनहोनी की आशंका भी जताई थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने युवती की तलाश में गंभीरता नहीं दिखाई, जिसका नतीजा यह हुआ कि अब उसका शव नदी में मिला है। पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या है, हादसा है या कोई आपराधिक घटना। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि युवती नदी तक कैसे पहुंची। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *