भास्कर न्यूज | जामताड़ा स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंटेंसिफाइड आईईसी अभियान के तहत जिले में जागरूकता रैली िनकाली गई। सिविल सर्जन व आईसीटीसी के नोडल अधिकारी ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान छात्राओं ने विभिन्न नारों और तख्तियों के माध्यम से आमजन को एचआईवी/एड्स एवं सिफलिस जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में एमओआईसी डॉ निलेश कुमार, आईसीटीसी काउंसलर सुनील कुमार दुबे, लिपिक अनिल कुमार सिंह सहित स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित थे। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने बताया कि एचआईवी/एड्स और सिफलिस जैसी यौनजनित बीमारियों की रोकथाम और समय पर जांच से गंभीर परिणामों को टाला जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इंटेंसिफाइड आईईसी अभियान का उद्देश्य लोगों को यौन स्वास्थ्य, सुरक्षित व्यवहार और समय पर जांच की महत्ता के प्रति जागरूक करना है। इस तरह की गतिविधियों से समाज में सही जानकारी फैलती है और भ्रांतियां दूर होती हैं। जिले के स्वास्थ्यकर्मियों और छात्राओं ने संदेश दिया कि जानकारी ही बचाव है और हर व्यक्ति को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।


