झारखंड के जामताड़ा में वक्फ बोर्ड बिल के विरोध में मुस्लिम मंच के बैनर तले बड़ा प्रदर्शन हुआ। शहर की सड़कों पर हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लीं और काली पट्टियां बांधकर विरोध जताया। मुस्लिम मंच के प्रमुख नेता हाफिज नाजिर हुसैन, आरसी इरशाद उल हक, सादिक अंसारी और अलीमुद्रीन ने इस बिल को मुस्लिम समाज के खिलाफ साजिश करार दिया। उनका कहना है कि यह बिल जबरन थोपा जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि इसका मकसद मुस्लिम समाज की जमीनें छीनना है। किसी भी स्थिति में अपनी जमीन नहीं देंगे प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार और भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी स्थिति में अपनी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि इस बिल के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। जामताड़ा शहर में पूरे दिन आक्रोश का माहौल रहा। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन प्रदर्शनकारियों का संदेश स्पष्ट था कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हैं।


