जालंधर के रामा मंडी इलाके में आने वाले काकी पिंड में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सरेआम गोलियों की गूंज सुनाई दी। श्यामा नंगल की तरफ से आए एक्टिवा सवार हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाया। हालांकि, डीलर ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए हमलावरों की एक्टिवा में टक्कर मार दी, जिसके बाद शूटर अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस इसे पुरानी रंजिश का मामला मान रही है। पीछा कर रहे थे हमलावर जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर अपनी फॉर्च्यूनर में सवार होकर जा रहा था। श्यामा नंगल से ही एक्टिवा सवार युवक उसका पीछा कर रहे थे। काकी पिंड के पास पहुँचते ही हमलावरों ने गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने गाड़ी एक्टिवा में दे मारी। टक्कर लगते ही हमलावर सड़क पर गिर पड़े। फॉरच्यूनर सवार पक्ष की ओर भी की गई फायरिंग बताया जा रहा है कि बचाव में फॉर्च्यूनर सवार पक्ष की ओर से भी 2 से 3 राउंड फायर किए गए। खुद को घिरता देख हमलावर अपनी एक्टिवा मौके पर ही छोड़कर गलियों के रास्ते फरार हो गए। सरेआम हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग दुकानों और घरों के अंदर दुबक गए। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कार सवार सुरक्षित हैं। पुलिस की कार्रवाई: एक्टिवा जब्त, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही रामा मंडी थाने की पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से हमलावरों की एक्टिवा को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।


