राजधानी रायपुर की पुलिस ने 40 लाख रुपए कीमत के खोए हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटा दिए हैं। पुलिस ने देशभर के कई राज्यों से तलाशी के बाद ये मोबाइल बरामद किए हैं। इनमें से दर्जनों फोन कूरियर के जरिए रायपुर पुलिस ने मंगवाए हैं। यह फोन अलग-अलग राज्यों के थानों में जमा थे। दरअसल, रायपुर पुलिस के एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) लंबे समय से गुम हुए मोबाइलों की शिकायतें दर्ज हो रही थी। इस दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन ढूंढने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में करीब 200 मोबाइल बरामद किए। वहीं कुछ मोबाइल दूसरे लोगों द्वारा उपयोग किया जा रहे थे। हमें उम्मीद नहीं थी मोबाइल मिलेगा रायपुर में आज जिन लोगों को खोया मोबाइल वापस मिला, तो उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। मोबाइल वापस लौटाने पर लोगों ने पुलिस को धन्यवाद दिया। पुलिस की सूचना पर मोबाइल लेने पहुंचे संजय कुमार ने बताया, कि हमें उम्मीद नहीं थी कि हमें हमारा फोन कभी वापस मिलेगा। लेकिन जब पुलिस ने फोन लौटाने के लिए कॉल किया तो यकीन नहीं हो रहा था, अब यहां आकर लगा की चोरी और खोया मोबाइल मिल भी सकता है। चोरी हुए मोबाइल पर होगी कार्रवाई पुलिस ने बताया कि, चोरी और गुम हुए फोन की जानकारी मिलने पर पुलिस मोबाइल चलाने वाले लोगों को कांटेक्ट करती और उन्हें साइबर सेल रायपुर में फोन जमा करने के लिए कहा जाता था। लेकिन वे लोग मोबाइल फोन जमा नहीं करते और फोन बंद कर देते थे। ऐसे में अन्य राज्यों की पुलिस से कांटेक्ट कर मोबाइल बरामद करवाया गया और मोबाइल कूरियर कर मंगवाया गया। वही मोबाइल चोरी के मामलों में मोबाइल रिकवर कर मोबाइल चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी बोले जानकारी दें पुलिस को एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में वे www.ceir.gov.in पोर्टल में गुम होने के संबंध में जानकारी भेजे। इसके साथ ही नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।जिससे मोबाइल का किसी भी अपराध में उपयोग ना हो सके। अपने फोन को हमेशा पासवर्ड प्रोटेक्टेड रखें।


