प्रतापगढ़ में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर नीमच नाका पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाना है। यातायात प्रभारी ईश्वर लाल मीणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने तथा चारपहिया वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने की भी समझाइश दी। पुलिस टीम ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र, हमेशा अपने साथ रखें। लंबी दूरी की यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच करने और पर्याप्त विश्राम लेकर ही यात्रा शुरू करने का भी आग्रह किया गया। इस मौके पर यात्रियों को यह भी सलाह दी गई कि यदि वे लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हों, तो इसकी जानकारी अपने परिजनों और पड़ोसियों को अवश्य दें। इससे किसी भी आपात स्थिति में उनसे संपर्क करना आसान होगा। यातायात प्रभारी ईश्वर लाल मीणा ने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेंगे।


