पंजाब के जालंधर में सिटी पुलिस द्वारा शहर के बीचोबीच होटल एम-1 के अंदर रेड कर गुजरात के रहने वाले एक व्यक्ति सहित तीन ठगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे पुलिस ने कुल 24 लाख रुपए सहित अन्य सामान बरामद किया। तीनों आरोपी एक साथ मिलकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुजरात के राजकोट के रहने वाले दुधागरा रिंपल पुत्र वल्लभ भाई, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, जालंधर के रहने वाले वरुण अंचल पुत्र तरलोक चंद और मधुबन कॉलोनी, जालंधर के रहने वाले अनिल पुत्र बृज मोहन के रूप में हुई है। तीनों पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। सीपी बोलीं- गुप्त सूचना के आधार पर पकड़े तीनों ठग एसीपी निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों से पुलिस ने 24 लाख रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 19 बैंक पासबुक और 43 एटीएम कार्ड बरामद किए। पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर ने कहा- पुलिस स्टेशन नवी बारादरी की एक टीम होटल एम-1 में साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस द्वारा उक्त आरोपियों से सामान बरामद किया गया। आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अगला पिछला रिकॉर्ड जब्त किया जा रहा है।


