जालंधर कैंट विधायक ने सरकार पर साधा निशाना:परगट सिंह बोले- सोशल मीडिया अकाउंट बंद कराने की कोशिश, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही

जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने के लिए उनके सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवा रही है। परगट सिंह ने दावा किया कि 1 नवंबर से पंजाब में लगभग हर दिन हत्याएं हो रही हैं। उनके अनुसार, राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। रोजाना गोलीबारी की घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट हटवाने की कोशिश कर रही सरकार : परगट उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली सरकार पंजाब पुलिस का इस्तेमाल कर उनके सोशल मीडिया एक्स पर की गई पोस्ट हटवाने की कोशिश कर रही है। इसके अतिरिक्त, उनके अकाउंट बंद करवाने के लिए शिकायतें भी दर्ज करवाई जा रही हैं। परगट सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार को लोगों की सुरक्षा से ज्यादा विपक्ष की आवाज दबाने की चिंता है। उन्होंने इस कार्रवाई को एक निर्वाचित सदस्य की आवाज दबाने का प्रयास बताया। विधायक परगट सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की अपील की है। उन्होंने सवाल उठाया कि किस कानून के तहत एक निर्वाचित सदस्य की आवाज दबाने का यह प्रयास किया जा रहा है और क्या पंजाब के हित में बात करने वाले नेता का आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवाना उचित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *