भास्कर न्यूज | जालंधर ‘खेड भारती पंजाब’ द्वारा पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की अगुवाई में बर्ल्टन पार्क में पहला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट करवाया जा रहा है। शनिवार को ‘शान-ए-पंजाब कप 2025”” के सेमी-फाइनल में मुख्य अतिथि पीएपी जालंधर के डीआईजी इंदरबीर सिंह ने शिरकत की। उन्होंने ‘खेड भारती पंजाब’ से पंजाब की रिवायती खेलों को फिर से उभारने के लिए कार्य-योजना बनाने का आग्रह किया और युवाओं को मैदान में आकर खेलों से जुड़ने की अपील की। शनिवार को पहला मैच निंबस क्लब बुट्टरां और वर्मा इलेवन लुधियाना के बीच रोमांचक रहा। दोनों टीमों में कांटे की टक्कर देखने को मिली। टॉस जीतकर निंबस क्लब बुट्टरां की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए वर्मा इलेवन लुधियाना की टीम ने 6 विकेट खोकर 186 रन बनाए। निंबस क्लब बुट्टरां की टीम ने 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। ऐसे में निंबस क्लब बुट्टरां की टीम ने 3 विकेट से विजयी होकर फाइनल में अपनी दावेदारी पक्की की और तरुण सरीन मैन ऑफ द मैच बने। दूसरा मैच ‘जालंधर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन’ और ‘डीपीएस क्रिकेट एकेडमी’ के बीच खेला गया। इसमें टॉस जीतकर जालंधर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 6 विकेट खोकर 215 रन बनाए। डीपीएस क्रिकेट अकेडमी की टीम 9 विकेट खोकर केवल 95 रन ही बना पाई। जालंधर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम 120 रन से विजयी होकर फाइनल में पहुंच गई और गौरव चौधरी मैन ऑफ द मैच बने। अब रविवार को जालंधर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और निंबस क्लब बुट्टरां की टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। इस मौके पर ‘खेड भारती पंजाब’ के अध्यक्ष राणा अरविंद सिंह और सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि उनका लक्ष्य खेलों के माध्यम से चरित्रवान व्यक्तित्व का निर्माण करना है। यहां पब्लिक रिलेशन इंचार्ज मोहित चुघ, मीडिया मैनेजमेंट इंचार्ज साहिल चोपड़ा, जिला अध्यक्ष जतिन कत्याल, आरती, मन्नत, जतिन अरोड़ा, रवि चौधरी, अनमोल आदि मौजूद रहे।


