भाजपा की ओर से जालंधर के गांव फोलड़ीवाल में विकसित भारत – जी राम जी योजना को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि इस योजना को लेकर विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस द्वारा झूठा प्रचार फैलाया जा रहा है और लोगों को गुमराह किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत गांव में एक चौपाल लगाई गई है, जिसमें भाजपा के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ पहुंचकर लोगों को संबोधित करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि जी राम जी योजना की सच्चाई झूठे प्रचार से बिल्कुल अलग है और यह योजना मजदूरों व आम लोगों के हित में लाई गई है। भाजपा नेता केडी भंडारी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से आज गुरदासपुर में मनरेगा बचाओ अभियान शुरू किया जा रहा है, जबकि हकीकत यह है कि मनरेगा के तहत मजदूरों के साथ लगातार ठगी हो रही थी। इसी ठगी को रोकने और पारदर्शिता लाने के लिए जी राम जी योजना लागू की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मजदूरों की मेहनत की कमाई सीधे उनके बैंक खातों में डाली जाएगी, ताकि किसी बिचौलिए द्वारा पैसे हड़पने की संभावना न रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर इस योजना को लेकर भ्रम फैला रही है, जबकि यह योजना मजदूरों के हक की सुरक्षा के लिए लाई गई है। भाजपा ने लोगों से अपील की है कि वे झूठे प्रचार से बचें और योजना की वास्तविक जानकारी को समझें। खबर अपडेट की जा रही है।


