जालंधर के मकसूदा क्षेत्र में बसंत पंचमी के दिन एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बारिश के पानी से फसल बचाने के लिए किसान द्वारा खोदे गए 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से 9 साल के बच्चे शिवम की मौत हो गई। बच्चा पतंग लूटने के लिए खेत की ओर भागा था, जहां वह पानी से भरे गड्ढे की गहराई को समझ नहीं पाया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जालंधर में बसंत पंचमी के दिन हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया था। मकसूदा क्षेत्र के सुरानुसी पेट्रोल पंप के पास एक किसान ने अपनी फसल को डूबने से बचाने के लिए खेत में करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा था। दोपहर में बारिश रुकने के बाद बच्चे घरों से बाहर निकले और पतंग उड़ाने लगे। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को लूटने के चक्कर में बच्चे खेत की ओर दौड़े। बच्चों के झुंड में शामिल 9 वर्षीय शिवम अचानक उस गहरे गड्ढे में गिर गया। साथी बच्चों की खामोशी हैरानी की बात यह रही कि शिवम के साथ मौजूद बच्चे डर के कारण बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप अपने घर चले गए। जब शिवम काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। रात 8 बजे बरामद हुआ शव सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने जब आस-पास के खेतों और संभावित जगहों की तलाशी ली, तो रात करीब 8 बजे खेत में बने उसी गहरे गड्ढे से शिवम का शव बरामद हुआ। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। किसान पर लापरवाही के आरोप मृतक बच्चे की पहचान शिवम के रूप में हुई है। परिजनों ने किसान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अपने निजी लाभ (फसल बचाने) के लिए इतना गहरा गड्ढा खोदा, लेकिन सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया। परिजनों ने प्रशासन से दोषी किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


