जालंधर में शहर में श्री गुरु रविदास जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल शोभायात्रा निकाली जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जालंधर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक रूट प्लान लागू किया है। 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक शहर के कई मुख्य मार्ग डायवर्ट रहेंगे और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। शोभायात्रा बूटा मंडी स्थित गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होगी। यह नगर कीर्तन वाया श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक (नकोदर चौक), भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) और पटेल चौक समेत शहर के विभिन्न हिस्सों से होता हुआ वापस गुरुद्वारा साहिब, बूटा मंडी पर संपन्न होगा। कपूरथला से आने वाले वाहनों के लिए रूट 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक कपूरथला की ओर से आने वाले वाहन कपूरथला चौक से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन वर्कशाप चौक, मकसूदां चौक, भगत सिंह कॉलोनी, पठानकोट चौक, चौगिट्टी चौक और पीएपी चौक से होते हुए बीएसएफ चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कर सकेंगे। नकोदर-शाहकोट साइड जाने वाले वाहनों के लिए निर्देश 31 जनवरी और 1 फरवरी को जालंधर शहर से नकोदर और शाहकोट की ओर जाने वाले सभी वाहन और बसें वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे। इन वाहनों को सतलुज चौक, समरा चौक, कुल रोड, अर्बन एस्टेट फेज-2 ट्रैफिक लाइट्स और सी.टी. इंस्टीट्यूट से होते हुए प्रतापपुरा-नकोदर रूट पर भेजा जाएगा। ये रास्ते पूरी तरह रहेंगे बंद शोभायात्रा के चलते वडाला चौक से वाया श्री गुरु रविदास चौक और नकोदर चौक रोड को हर प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके अलावा प्रतापपुरा मोड़, तिलक नगर रोड, बटापिंड मोड़, जग्गू चौक और माता रानी चौक जैसे इलाकों में भी यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए बताए गए रूट प्लान का पालन करें और शोभायात्रा वाले मार्गों पर जाने से बचें। भारी वाहनों को शहर की सीमा के भीतर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


