जालोर अभिभाषक संघ की नव नियुक्त कार्यकारिणी के सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन शनिवार को आहोर रोड स्थित विजय पैराडाइज में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति जस्टिस संदीप शाह, जालोर जजशिप के गार्जियन जज जस्टिस बिपिन गुप्ता, सेवानिवृत्त न्यायाधिपति मनोज कुमार गर्ग और जिला एवं सेशन न्यायाधीश दिनेश कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलन कर की। अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी ने ली शपथ शपथ ग्रहण समारोह में निर्वाचन अधिकारी बसंत कुमार गहलोत एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी तरुण सिंह ने अध्यक्ष खसाराम परिहार, उपाध्यक्ष अशोक कुमार माली, सचिव विक्रम सिंह सियाणा, कोषाध्यक्ष मनमोहन, सह सचिव फरमान अली, सह कोषाध्यक्ष महेश कुमार रजक और पुस्तकालय अध्यक्ष ज्योत्सना राजपुरोहित को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 45 वर्ष से अधिक सेवा देने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान समारोह में 45 वर्ष से अधिक समय से वकालत कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं का न्यायाधिपतियों एवं जिला प्रशासन द्वारा माला, साफा और मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। सम्मानित अधिवक्ताओं में गणपत सिंह राठौड़, हरिशंकर राजपुरोहित, नैनसिंह सांकरणा, स्व. मोहन सिंह राणावत, चैनाराम चौधरी, सवाराम चौधरी, परमानंद शर्मा, चुन्नीलाल पुरोहित, सरदार खान खोखर, तिलोकचंद मेहता, शंभुदान आशिया, बसंत कुमार गहलोत, ईश्वरदान चारण, मधुसूदन व्यास और अशोक जोशी शामिल रहे। जस्टिस संदीप शाह बोले- जालोर से मेरा गहरा जुड़ाव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जस्टिस संदीप शाह ने कहा कि जालोर से उनका गहरा भावनात्मक और कार्यात्मक जुड़ाव है। यह न केवल उनका पहला घर रहा, बल्कि उनकी कर्मभूमि भी रही है। उन्होंने जालोर को तप और वीरता की भूमि बताते हुए कहा कि यहां वीर वीरमदेव, तपस्वी जाबालि, कवि माघ और शून्य के आविष्कार जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां जुड़ी हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं को उन्होंने जालोर बार की धरोहर बताया। निर्विरोध निर्वाचन अधिवक्ताओं की एकता का प्रतीक: जस्टिस बिपिन गुप्ता गार्जियन जज जस्टिस बिपिन गुप्ता ने कहा कि अभिभाषक संघ का निर्विरोध चुना जाना अधिवक्ताओं की एकता और परिपक्वता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बार और न्यायपालिका के समन्वय से ही जिले की न्यायिक जरूरतों को पूरा किया जा सकता है। जालोर में मजबूत वर्क कल्चर: मनोज कुमार गर्ग सेवानिवृत्त न्यायाधिपति मनोज कुमार गर्ग ने जालोर बार की सराहना करते हुए कहा कि यहां सीनियर और जूनियर अधिवक्ता अपने कार्य को लेकर गंभीर और फोकस्ड रहते हैं, जो जिले की न्यायिक गुणवत्ता को मजबूत करता है। ड्रग्स पर सख्त बोले जिला जज जिला एवं सेशन न्यायाधीश दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ता समाज की स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ड्रग्स की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि इसे नहीं रोका गया तो युवा पीढ़ी सुरक्षित नहीं रहेगी। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से ड्रग्स के स्रोत और गंतव्य तक सख्त कार्रवाई करने का आह्वान किया। नव निर्वाचित अध्यक्ष ने रखीं न्यायिक मांगें स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष खसाराम परिहार ने जालोर जिले की न्यायिक आवश्यकताओं की ओर ध्यान दिलाते हुए एसीबी कोर्ट, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण और एनडीपीएस कोर्ट की स्थापना की मांग की। साथ ही अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर्स निर्माण हेतु भूमि आवंटन शीघ्र पूरा करने की मांग भी रखी। आभार उपाध्यक्ष अशोक कुमार माली ने जताया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट रमेश सोलंकी और अश्विन राज पुरोहित ने किया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में फैमिली कोर्ट जज अमर कुमार वर्मा, पोक्सो कोर्ट जज सीमा जुनेजा, एससी-एसटी कोर्ट जज परवेज अहमद, एडीआर सचिव अहसान अहमद, एसीजेएम राजेंद्र सिंह चारण, अंकित दवे, किशोर न्याय बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार, उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष घनश्याम यादव सहित जिले व संभाग के कई बार अध्यक्ष और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।


