सतनामी समाज: राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन आज, देशभर से आएंगे युवक-युवतियां

सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, रायपुर (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में सतनामी समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए राष्ट्र स्तरीय परिचय सम्मेलन का आयोजन 4 जनवरी को सुबह 10 बजे से रायपुर में राज टॉकीज के सामने स्थित शहीद स्मारक भवन में किया जा रहा है। इसमें अपने जीवनसाथी की तलाश में छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां अपने परिजनों के साथ रायपुर पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष केपी खण्डे, प्रवक्ता चेतन चंदेल एवं प्रदेश प्रतिनिधि जितेन्द्र पाटले ने बताया कि आयोजन दसवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इस अवसर पर कार्यक्रम का बड़े-बड़े एलईडी स्क्रीन एवं फेसबुक लिंक के माध्यम से देशभर में लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे दूर-दराज के लोग भी सम्मेलन से जुड़ सकें। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम दिवस पर सुबह से ही तीन अलग-अलग विशेष पंजीयन काउंटर खोले जाएंगे। यहां अविवाहित युवक-युवतियों के साथ-साथ समाज की विधवा, विधुर एवं वैध तलाकशुदा महिला-पुरुष भी पंजीयन करा सकेंगे। समिति ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीयन किसी भी प्रतिभागी या उनके परिजनों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद युवक-युवतियों को परिचय देने का मौका दिया। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर सम्मेलन के दौरान समाजहित को ध्यान में रखते हुए निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। शिविर में पहुंचने वालों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। सम्मेलन के 15 दिवस बाद सभी पंजीकृत प्रतिभागियों के रंगीन फोटोयुक्त बायोडाटा को वैवाहिक पत्रिका “बंधन” में प्रकाशित कर उसे निशुल्क वितरित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *