जालोर में गोविंदला नई ग्राम पंचायत बनने ग्रामीणों में जश्न:ढोल-नगाड़ों के साथ घोड़े पर बैठाकर विधायक का स्वागत, 51 किलो की माला पहनाई

जालोर जिले के आहोर उपखंड में गोविंदला को नई ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने पर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आहोर की सैलड़ी ग्राम पंचायत से अलग कर गोविंदला को नई पंचायत बनाए जाने की खुशी में सोमवार को ग्रामीणों ने आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के साथ पंचायत तक निकाला जुलूस गोविंदला, पिपरला ढाणी, देवगढ़ और गोविंदपुर गांवों के ग्रामीण एकजुट होकर विधायक को गोविंदला लेकर पहुंचे। इस दौरान विधायक छगन सिंह को घोड़े पर बिठाया गया और ढोल की थाप पर नाचते-गाते हुए उन्हें ग्राम पंचायत परिसर तक ले जाया गया। पंचायत पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक को 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नई ग्राम पंचायत के गठन को क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने विधायक छगन सिंह राजपुरोहित का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही मांग आज पूरी हुई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। आहोर में 9 नई ग्राम पंचायतों का गठन गौरतलब है कि ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन के दौरान आहोर उपखंड में कुल 9 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया है। इसके बाद क्षेत्र में ग्राम पंचायतों की संख्या 15 से बढ़कर 24 हो गई है। इसी क्रम में सैलड़ी ग्राम पंचायत से अलग कर गोविंदला को नई ग्राम पंचायत बनाया गया। आहोर पंचायत समिति में गठित नई ग्राम पंचायतें आहोर पंचायत समिति क्षेत्र में बेदाना और उकरड़ा सहित कई नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया है। वहीं भाद्राजून तहसील में मेवासा, मालगढ़, गोविंदला, सैलड़ी, बरवा, नीलकंठ और गुड़ारामा को नई ग्राम पंचायतों का दर्जा दिया गया है। विकास की उम्मीद के साथ कार्यक्रम संपन्न ग्रामीणों ने एक स्वर में विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई। कार्यक्रम का संचालन भोपाल सिंह राजपुरोहित ने किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर सिंह तोड़मी, पूर्व मंडल अध्यक्ष शैतान सिंह राजपुरोहित, लाल सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *