जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना इलाके में मंगलवार देर रात करीब 8 बजे ज्वेलरी व्यापारी की चलती कार में आग लग गई।
आग का गुबार उठता देख लोगों ने भागकर ड्राइवर को कार से निकाला और उसकी जान बचाई। आगजनी में कार में रखे 3 लाख 60 हजार रुपए जलकर राख हो गए। थाने के हेड कॉन्स्टेबल नारायण लाल ने बताया कि बाड़मेर के मोकलसर निवासी ज्वेलरी व्यापारी श्रीराम पुत्र दयानंद सोनी अपने निजी काम से मंगलवार की शाम को मोकलसर से कार में सवार होकर जालोर के लिए रवाना हुआ।
जालोर आते समय बिशनगढ़ थाना इलाके के वतन रिसोर्ट के पास पहुंचा ही था कि अचानक चलती कार में आग लग गई और आग तेज हो गई। कार में आग उठता देख आस पास मौजूद ग्रामीण व अन्य लोग दौड़कर पहुंचे कार ड्राइवर श्रीराम को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस व फायर बिग्रेड को सूचना दी। 1 घंटे के बाद पाया आग पर काबू
मौके पर पहुंची दमकल ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग पुरी तरह जलकर राख हो गई थी। वही कार ड्राइवर ने बताया कि कार में उसके व्यापार के करीब 3.60 लाख रुपए रखे हुए थे, वह भी जल गए। बिशनगढ़ थाने के हेड कॉन्स्टेबल ने मौका रिपोर्ट बनाकर जांच शुरू की। हालांकि ड्राइवर ने सुबह तक थाने में कोई लिखित रिपोर्ट नहीं दी। फोटोज के जरिए समझिए कार में आगजनी का पूरा हादसा…


