जालोर में उत्तरी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने एक बार फिर तापमान तेजी से गिरा दिया है। बादलों की आवाजाही और हवा के रुख बदलने से दिन-रात दोनों समय ठिठुरन बढ़ गई है। उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन जिले में उत्तरी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर फिर बढ़ा दिया है। बीते दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 14.7 डिग्री पर आ गया। रविवार को दिनभर बादल और हवाओं के चलते लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। उत्तर दिशा से करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा ने ठंड को और तेज कर दिया। बादलों ने फिर बढ़ाया उतार-चढ़ाव पिछले 4-5 दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के कारण तापमान में तेजी देखी गई थी। 28 नवंबर को रात का तापमान 17.1 डिग्री और दिन का तापमान 29.2 डिग्री दर्ज हुआ था, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली थी। लेकिन शनिवार शाम से हवाओं की दिशा बदलते ही मौसम में अचानक ठंडक घुल गई। सुबह बादल, दोपहर तक धूप नदारद रविवार को दोपहर 11 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। बादलों की आवाजाही पूरे समय जारी रही और हल्की धूप निकलने के बावजूद गलन महसूस होती रही। हवाओं के चलते दिन में भी ठंडक बनी रही। दिन का तापमान 0.1 डिग्री गिरकर 29.8 डिग्री दर्ज किया गया। सीजन का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री इस सीजन में अब तक का सबसे कम रात का तापमान 8.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। उसके बाद हवा के रुख में लगातार बदलाव होने से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है। अगले दिनों में और गिरेगा पारा मौसम विशेषज्ञ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर दिशा से ठंडी हवा चलने का क्रम जारी रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही ओस गिरने की संभावना भी बनी हुई है। जालोर में पांच दिन इस तरह रहा तापमान


