जालोर में राज्य प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष हारून के मार्गदर्शन में सचिव अहसान अहमद ने शनिवार को जिले की स्कूल बाल वाहिनियों का व्यापक निरीक्षण किया।
ट्रैफिक पुलिस टीम की मौजूदगी में किए गए इस निरीक्षण में कई बसों में गंभीर सुरक्षा अनियमितताएं पाई गईं। स्कूली बसों में फर्स्ट एड बॉक्स तक नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान बसों के कागजात, जीपीएस सिस्टम, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट, बच्चों की बैठने की व्यवस्था, ड्राइवर-कंडक्टर के दस्तावेज़ और वाहनों की तकनीकी स्थिति की जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कई बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतर पाईं। सबसे गंभीर खामियां सेंट पोल स्कूल की बसों में देखी गईं, जहां फर्स्ट एड बॉक्स तक नहीं मिले और इमरजेंसी एग्जिट भी सुचारु रूप से कार्यरत नहीं पाए गए। यह स्थिति बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम मानी गई है। स्कूल को नोटिस जारी
सचिव ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी जारी रही, तो प्राधिकरण द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्राधिकरण ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर सजग रहें और किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।


