राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर रविवार को जालोर नगर के प्रताप बस्ती में हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन समिति संयोजक सत्यप्रकाश रामावत ने बताया कि हिन्दू सम्मेलन को लेकर शहर के परकोटे के अन्दर सभी गलियों में भगवा पताका लगाकर पूरी प्रताप बस्ती को भगवामय बनाया गया। हिन्दू सम्मेलन की शुरुआत को लेकर रविवार सुबह कलश यात्रा के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ भैरूनाथ अखाड़ा से हुआ। शोभायात्रा में बड़े व बच्चे भगवा पताका लहराते हुये चल रहे थे और महिलाएं डीजे के गानों पर नाचती हुई चल रही थी। कलश यात्रा में बालिकाओं ने सिर पर कलश में नारियल धारण कर शहर के घांचियों की पिलानी, सुभाष मार्केट, माणक चौक, सदर बाजार, गणेश चौक, गांधी चौक, पूरा मोहल्ला व सूरजपोल होते पत्थर फैक्ट्री पहुंचकर विसर्जन के साथ भक्ति कार्यक्रम हुआ। इसके बाद भैरूनाथ अखाड़ा के गोपाल नाथ महाराज, शबरी बस्ती के बुद्धाराम महाराज व मुन्ना महाराज के सानिध्य में भक्ति कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुई। भक्ति कार्यक्रम में ललित वैष्णव ने शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। भजन कार्यक्रम के बाद बौद्धिक हुआ, इसमें पंच परिवर्तन के साथ सभी को समरसता का भाव रखकर एकजुट रहने की बात करते हुए हिन्दू सम्मेलन की महत्वत्ता को बताया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन ललित ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति ने भामाशाहों द्वारा प्रसादी की व्यवस्था की गई। सम्मेलन में साधु संतों सहित सभी भामाशाहों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।


