छिंदवाड़ा जुन्नारदेव में जहरीली मिठाई खाने से तीन लोगों की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि बहू द्वारा लगाए गए आरोपों से हो रही बदनामी का बदला लेने के लिए उसके ससुर, देवर और ननद ने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची। आरोपियों ने मिठाई में आर्सेनिक (सोमल) मिलाकर उसे सार्वजनिक स्थान पर टांग दिया, ताकि कोई उसे उठा ले। पुलिस के अनुसार, 8 जनवरी की रात आरोपियों ने पीएचई कार्यालय के पास मुकेश कथुरिया के चाय ठेले के नजदीक एक थैले में जहरीली मिठाई टांग दी। सबसे पहले पीएचई कार्यालय के चौकीदार दशरू यदुवंशी ने मिठाई खाई और उनकी मौत हो गई। इसके बाद संतोषी कथुरिया मिठाई घर ले गईं। इसे खाने से उनके ससुर सुन्दरलाल और बेटी खुशबू की इलाज के दौरान मौत हो गई। संतोषी और उनकी दूसरी बेटी पूजा की हालत गंभीर हुई, लेकिन समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच गई। एफएसएल जांच में मिठाई में आर्सेनिक की मात्रा सामान्य से हजारों गुना अधिक पाई गई। पुलिस ने बताया कि सोमल का उपयोग आमतौर पर पशुओं को ठंड से बचाने में किया जाता है। ससुराल पर गलत व्यवहार का लगाया था आरोप
जांच में सामने आया कि मृतका खुशबू की शादी जनवरी 2024 में झाड़ू कसार के बड़े बेटे से हुई थी। खुशबू ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और ससुर पर गलत व्यवहार के आरोप लगाते हुए चांद थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी। इन आरोपों के चलते गांव में ससुराल पक्ष की बदनामी हो रही थी। इसी रंजिश में ससुर झाड़ू कसार, देवर शुभम और ननद शिवानी ने हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, खुशबू का पति साजिश में शामिल नहीं था, इसलिए उसे आरोपी नहीं बनाया गया है। ऐसे पकड़े गए आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जुन्नारदेव पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दर्ज प्रकरण और आगे की कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 103(1), भारतीय न्याय संहिता) और षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य पहलुओं की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपी पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यह खबर भी पढ़ें…
‘लावारिस मिठाई’ में चूहा मार दवा थी, रिपोर्ट से खुलासा छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में सामने आए चर्चित मिठाई कांड में खाद्य विभाग की पहली जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में साफ हुआ है कि लावारिस थैले में रखी मिठाई में बहुत ज्यादा मात्रा में आर्सेनिक (चूहे मार दवा) मिला हुआ था, जिससे मिठाई पूरी तरह जहरीली बन गई थी। पूरी खबर पढ़ें


