यूपी के रामपुर से पूर्व सांसद और फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा मंगलवार को आस्थाधाम मेहंदीपुर धाम पहुंची, जहां उन्होंने स्वयंभू बालाजी दरबार के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना की। जयाप्रदा ने मीडिया से बात करते हुए महाकुंभ में पापी लोगों के स्नान करने की बयानबाजी के सवाल पर कहा- लोग कुछ भी कहें, लेकिन यह सनातन धर्म है। गर्व की बात है कि आज हमें इस महाकुंभ का साक्षी बनने का अवसर मिला है। हमारे लिए इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती। उन्होंने कहा- कोई कुछ भी कहे, लेकिन जिन्हें सनातन में भरोसा नहीं वह कुछ भी बोल सकते हैं। महाकुंभ मेला तो सदियों से चला आ रहा है, अमृत स्नान करते हैं, सारे देवता यहां स्नान करने आते हैं और इस भव्य समय के लिए 12 साल इंतजार करते हैं। मेले की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहती हूं। साथ ही महाकुंभ में नहीं पहुंचने वाले लोग डिजिटल व्यवस्था के जरिए मेले को देख सकते हैं। जहां पहले ही दिन डेढ़ करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया हैं। मंदिर में पहले से बेहतरीन हुई व्यवस्थाए उन्होंने कहा- बालाजी महाराज के दर्शन कर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। मन को बहुत शांति मिली है। भगवान से प्रार्थना है कि सभी लोगों को स्वस्थ और खुश रखें। कई साल बाद मैं यहां आई हूं और जिस तरीके से भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है, इससे दर्शनार्थियों के लिए सुविधाए पहले से बेहतरीन हो गई हैं। इसके लिए महंत डॉ नरेशपुरी महाराज को धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने कहा कि लोग अपने दुख लेकर यहां आते हैं, जिन्हें बालाजी के चरणों में समर्पित कर खुशी के साथ वापस घर लौटते हैं। मेहंदीपुर बालाजी धाम बहुत जागृत मंदिर है। मंदिर में दर्शनों के बाद अभिनेत्री को ट्रस्ट के स्वागत कक्ष में सचिव एमके माथुर ने प्रसादी भेंट की।


