खाजूवाला में पाक बॉर्डर से करीब पांच किमी दूर जिप्सम के अवैध खनन का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर और चाल जब्त किए हैं, जबकि माफिया गिरोह के लोग जेसीबी और डंपर लेकर फरार हो गए। खाजूवाला में पाक बॉर्डर के पास जिप्सम माफिया एक बार फिर सक्रिय है। शनिवार को सुबह माफिया गिरोह के लोग मशीनें लेकर चक 10 डीडब्ल्यूडी पहुंचे और जिप्सम खोद डाला। ग्रामीणों ने जिप्सम के अवैध खनन की शिकायत की तो खाजूवाला तहसीलदार कमलेश मेहरिया और दंतौर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। इस दौरान माफिया गिरोह के लोग जेसीबी, डंपर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर और जिप्सम छानने वाली मशीन चाल जब्त की है। जहां जिप्सम का अवैध खनन किया जा रहा था, वह जमीन खातेदारी बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे दंतौर पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल राजेन्द्र ने बताया कि खान विभाग की अधिकारियों को अवैध खनन की सूचना दी गई है। उनकी रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। खाजूवाला के चक सात एसएसएम में भी जिप्सम का अवैध खनन की शिकायत अधिकारियों से की गई है।


