भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से प्रधान एपीएस चड्ढा की अगुवाई में स्थानीय होटल में ‘स्वास्थ्य पर चर्चा’ विषय पर सेमिनार करवाया गया। सेमिनार में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वनिता अरोड़ा ने कहा कि जिम में इस्तेमाल किए जाने वाले तरह-तरह के सप्लीमेंट प्रोडक्ट्स अचानक हार्ट अटैक (सडन कार्डियक अरेस्ट) का बड़ा कारण बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि जरूरत से ज्यादा और भारी-भरकम एक्सरसाइज करना भी दिल की सेहत के लिए खतरनाक है। डॉ. अरोड़ा ने युवाओं को सलाह दी कि जिम में कठिन एक्सरसाइज करने की बजाय हर इंसान को रोजाना कम से कम आधा घंटा योग, मेडिटेशन या सुबह की सैर करनी चाहिए। इसके अलावा खान-पान में सावधानी बरतने, फास्ट फूड और अल्कोहल से दूरी बनाने पर भी जोर दिया। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि आजकल युवाओं की लाइफस्टाइल के कारण हार्ट डिजीज तेजी से बढ़ रही हैं। खासकर 18 से 28 साल तक की उम्र के जिम जाने वाले युवा हार्ट की समस्याओं से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि हर व्यक्ति को साल में दो बार हार्ट चेकअप और जरूरी टेस्ट जरूर करवाने चाहिए, चाहे वह बिल्कुल स्वस्थ ही क्यों न दिखता हो। उन्होंने कहा कि हार्ट की बीमारियों की तरह ही किडनी और लीवर की शुरुआती समस्या का भी समय पर पता नहीं चलता। इसलिए खान-पान सुधारना बेहद जरूरी है। तली हुई चीजें, अल्कोहल और फास्ट फूड से परहेज कर इंसान फैटी लिवर जैसी समस्या से भी आसानी से बच सकता है। डॉ. अरोड़ा ने यह भी बताया कि कोविड-19 वायरस अभी खत्म नहीं हुआ है। इसका असर अभी भी कई लोगों, खासकर युवाओं में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बाढ़ की स्थिति के कारण यह वायरस दोबारा सक्रिय हो गया है, भले ही उस पर काफी हद तक काबू पा लिया गया हो। सेमिनार को किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. संजीव जसूजा, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. योगेश कुमार और डॉ. गौरव त्यागी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष एपीएस चड्ढा, महासचिव पीयूष कपूर समेत अन्य सदस्यों ने डॉक्टरों से सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।


