भास्कर न्यूज | बालोद जिला आदिवासी कांग्रेस बालोद की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में आदिवासी कांग्रेस के आधार को व्यापक बनाना और संगठन की सक्रियता को मजबूत करना रहा। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं जिलाध्यक्ष लता कोर्राम ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ना और संगठन को सशक्त बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन का मूल लक्ष्य होना चाहिए। वहीं आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रत्तीराम कोसमा ने संगठन की कार्यप्रणाली एवं भविष्य की रणनीतियों पर प्रकाश डालते हुए ब्लॉक अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया। बैठक सभी ब्लॉक अध्यक्षों को नई टीम के गठन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। जिले के अंतिम व्यक्ति तक आदिवासी कांग्रेस की पहुंच तय करने का संकल्प लिया गया। सभी ब्लॉक अध्यक्षों की सक्रिय उपस्थिति रही और संगठन हित में सुझाव साझा किए गए। बैठक संगठनात्मक एकता और मजबूती के संकल्प के साथ हुई।


