भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिला परिषद की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल और सड़कों की बदहाली पर तीखी चर्चा हुई। सदस्य बंदना खां ने कुंडहित प्रखंड के बागडेहरी, गायपाथर और मुड़ाबेड़िया पंचायतों में नल-जल योजना के फेल होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को आज भी स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि इन योजनाओं की जांच कराकर जल्द चालू कराया जाए। पूर्वांचल क्षेत्र की सड़कों की हालत पर भी सवाल उठे। बंदना खां ने कहा कि कई सड़कों का शिलान्यास हो चुका है, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से सभी स्वीकृत सड़कों पर तुरंत काम शुरू करने की मांग की। स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा के दौरान बंदना खां ने कुंडहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग रखी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इलाज के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक और स्वास्थ्य दोनों तरह की दिक्कतें होती हैं। इस पर सिविल सर्जन ने बताया कि उन्होंने रांची मुख्यालय को पत्र भेजने का प्रस्ताव लिया है। इससे उम्मीद है कि जल्द ही कुंडहित में गायनोकोलॉजिस्ट की नियुक्ति हो सकेगी। बैठक में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बंदना खां के मुद्दों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। सड़क हादसे, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और सड़क निर्माण में देरी जैसे मुद्दों पर नाराजगी जताई गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अब इन समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


