उदयपुर जिला प्रभारी एवं मुख्य लेखाधिकारी मुन्नालाल टोडीवाल ने मंगलवार को बड़गांव ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। सीडीईओ कार्यालय के सहायक निदेशक डॉ. दिनेश बंसल के साथ उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय (लई का गुड़ा) और राउमावि चिकलवास का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान टोडीवाल ने शैक्षणिक गतिविधियों, गृहकार्य, स्वच्छता और प्रखर राजस्थान 2.0 की प्रगति जांची। उन्होंने बोर्ड परीक्षार्थियों से संवाद कर गुणात्मक परीक्षा परिणाम के लिए स्टाफ को संबलन दिया। इसके बाद डाइट स्थित टैगोर सभागार में जिला शिक्षा अधिकारियों एवं सीबीईओ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामांकन वृद्धि, ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः जोड़ने, ऑनलाइन उपस्थिति, छात्रवृत्ति डीबीटी, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण और लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। जिला प्रभारी ने राजस्थान संपर्क पोर्टल के प्रकरणों, सूचना के अधिकार, लंबित पेंशन व सेवा संबंधी प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कंप्यूटर लैब की प्रगति, मिड-डे मील और नवीन विद्यालयों में स्टाफ पदस्थापन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।


