जिला प्रशासन ने गाड़ाडीह खरीदी केंद्र में पकड़ा 5000 क्विंटल पुराना धान

भास्कर न्यूज | बेमेतरा /गाड़ाडीह बेमेतरा जिले के गाड़ाडीह उपार्जन केंद्र में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी मात्रा में पुराना धान पकड़ा है। खाद्य, राजस्व और मंडी विभाग की टीम को खरीदी केंद्र में जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि केंद्र प्रभारी किसानों से बीते रबी सीजन का पुराना धान खरीदकर स्टेक में रखवा रहा था। जिला खाद्य अधिकारी ओंकार ठाकुर ने बताया कि जांच में पाया गया कि समिति द्वारा परिवहन के लिए बड़े पैमाने पर धान को स्टेक में लगाया गया था। सोमवार को दिनभर जिला प्रशासन की गठित टीम ने धान के स्टेक की गिनती और चेकिंग की। जांच में करीब 5000 क्विंटल पुराना धान पाया गया, जिसकी गुणवत्ता काफी खराब थी और अत्यधिक नमी के कारण धान से बदबू आने लगी थी। जांच टीम में तहसीलदार साजा, कृषि उपज मंडी के सचिव नरेठी और फूड इंस्पेक्टर अमित तिवारी शामिल थे। सभी अधिकारी देर रात तक जांच कार्य में लगे रहे। खाद्य अधिकारी ठाकुर ने बताया कि पूरे जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में क्वालिटी जांच और नए-पुराने धान के संबंध में सतत कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुराने धान की गिनती पूर्ण होने के बाद प्रकरण तैयार कर कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से धान खरीदी केंद्र प्रभारी और समिति में हड़कंप मचा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *