जिला भाजपा कोर ग्रुप के प्रस्ताव के बाद ही होंगे अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले

भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिले में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले अब भाजपा जिला कोर ग्रुप के प्रस्ताव के बाद ही होंगे। इसके लिए 25 जून को जिला भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, प्रहलाद रजक, राजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, ओमप्रकाश जोशी, अजय साहू, नरेंद्र वर्मा, टार्जन साहू, जिला सह प्रभारी विक्रांत सिंह और संभागीय प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने इस पर चर्चा की। लेकिन बैठक में कोर ग्रुप के सदस्यों के बीच आम सहमति नहीं बन पाई। इसी कारण अगली बैठक 29 जून को तय की गई है। सरकार ने पहले तबादले की अंतिम तारीख 25 जून तय की थी लेकिन कोर ग्रुप से प्रस्ताव नहीं आने पर समय सीमा बढ़ाकर 30 जून कर दी गई है। कोर ग्रुप के निर्णय के बाद ही मंडल कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी और एल्डरमैन की नियुक्ति भी होगी। साथ ही नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम में एल्डरमैन के नाम भी कोर ग्रुप की सहमति से तय होंगे। इसके बाद ही सूची सरकार को भेजी जाएगी। कोर ग्रुप में समन्वय की कमी: फिलहाल कोर ग्रुप के सदस्यों में समन्वय की कमी है। मंडल और जिला कार्यकारिणी का विस्तार अब तक नहीं हो पाया है। इससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 29 जून की बैठक में अंतिम निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि सभी निर्णय अब तक हो जाने थे। इस बीच बैठक की कई बातें बाहर नहीं आ पाई। लेकिन माना जा रहा है कि जिले में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी सहित सभी वरिष्ठ नेताओं को साधने की कोशिश की जाएगी, ताकि पार्टी में सामंजस्य बना रहे। कवर्धा| कवर्धा में भाजपा कोर ग्रुप में शामिल सदस्यों ने पहले ही आपसी सहमति से स्थानांतरण सूची भेजी जा चुकी है। जिले के कोर ग्रुप में सांसद संतोष पांडे, गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक भावना बोहरा, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अशोक साहू सहित अन्य शामिल हैं। जिला अध्यक्ष चंद्रवंशी ने बताया कि 50 से अधिक अधिकारी- कर्मचारियों की सूची भेजी जा चुकी है। आपसी सामंजस्य ये इसे तैयार किया जा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *