भास्कर न्यूज | जांजगीर मानसून जिले में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे। शुक्रवार को दोपहर में कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। 27 जून को जिले में करीब 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह पिछले साल की तुलना में 22 मिमी ज्यादा है। पिछले साल 27 जून तक कुल 116 मिमी बारिश हुई थी। लगातार हो रही बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 6 दिन तक इसी तरह की बारिश जारी रहेगी। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। लोगों को गर्मी से राहत: मिली जिले में मानसून की यह पहली बड़ी बारिश मानी जा रही है। इससे पहले हल्की बारिश हो रही थी। अब लगातार बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दुकानों और बाजारों में भीड़ कम दिखी। बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। किसानों को मिली राहत बारिश के कारण खेतों में पानी भरने लगा है। किसानों के चेहरे पर राहत नजर आ रही है। अच्छी बारिश से खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आने की उम्मीद है। ग्रामीण इलाकों में नालों और छोटे जलस्रोतों में पानी बढ़ने लगा है। शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।


