भास्कर न्यूज | चतरा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की स्थिति, विद्यार्थियों की प्रगति और विभिन्न शैक्षिक योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में पाया गया कि कुछ प्रखंडों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर पर नहीं है। इस पर उपायुक्त ने चतरा, हंटरगंज और सिमरिया प्रखंड के कार्यक्रम पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुधारात्मक कदम उठाने और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय : प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में राज्य स्तरीय और तीसरे सप्ताह के शुक्रवार को जिला स्तरीय रेल टेस्ट आयोजित होगा।दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए रिसोर्स शिक्षकों को डोर-टू-डोर अभियान चलाने का निर्देश। व्यावसायिक शिक्षा को मजबूती देने हेतु ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर छात्रों का डाटा एक सप्ताह में अपडेट किया जाएगा। विद्यालय प्रमाणीकरण प्रक्रिया तेज करने के लिए नजदीकी सीआरपी को प्रत्येक विद्यालय से संबद्ध किया जाएगा। जन्म प्रमाणपत्र निर्गत करने की प्रक्रिया सरल बनाने के लिए 15 दिनों में फॉर्म एकत्र कर प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। मध्याह्न भोजन योजना में एसएमएस रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों को चेतावनी। 4 अक्टूबर को जिला स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी और क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन। सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को दिसंबर में प्रस्तावित इंटर-कस्तूरबा मीट की तैयारी अभी से शुरू करने का निर्देश। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने की अपील की। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


