भास्कर न्यूज | लातेहार जिलावासियों ने बुधवार को पूरे उत्साह से नववर्ष 2025 का स्वागत किया। साल के पहले दिन को यादगार बनाने के लिए झारखंड का कश्मीर कहे जानेवाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट में नववर्ष के पहले सूर्योदय को देखने के लिए पर्यटक उमड़ पड़े। मैग्नोलिया प्वाइंट, पलामू बंगला, कोयल व्यू, नेतरहाट झील, नेतरहाट आवासीय विद्यालय, बूढ़ाघाघ, अपर घाघरी, सुग्गा बांध, लोअर घघरी जलप्रपात, लोध फॉल, हेरहंज के डातम-पातम जलप्रपात, श्रीरामजानकी मंदिर, मनिका के दुमुहान नदी तट, मानिकडीह स्थित शिवालय, बरवाडीह के बेतला नेशनल पार्क, कमलदह झील, ततहा गर्म झरना, मंडल डैम, लंका, पहाड़ी शिव मंदिर, काली मंदिर, लातेहार के नावागढ़ किला, सालोडीह गर्म जलकुण्ड, ललमटिया डैम समेत अन्य प्राकृतिक स्थलों पर लोग वनभोज का आनंद उठाते देखे गए। बड़ी संख्या में लोग जिले के नदियों, झीलों, पहाड़ों व मैदानों के किनारे भी पिकनिक मनाते देखे गए। जिले के कई पर्यटन स्थलों पर पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार समेत अन्य राज्यों के लोग वनभोज का आनंद लेते देखे गए। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पर्यटन स्थलों पर पुलिस पदाधिकारी व जवान के साथ तैनात देखे गए। लोगों ने आतिशबाजी कर 2024 को दी विदाई पुराने साल 2024 की विदाई व नये वर्ष 2025 के आगमन को लेकर 31 दिसंबर, 2024 की रात 12.00 बजे बम-पटाखों की आवाज से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इसके बाद नववर्ष शुभकामना संदेशों के आदान-प्रदान का दौर शुरू हो गया। लोग फोन, वाट्सएप एवं अन्य माध्यमों से अपने शुभचिंतकों व रिश्तेदारों को नये साल की शुभकामनाएं देते देखे गए।


