भास्कर न्यूज | अमृतसर भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से नेशनल इलिजिबिलटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) 4 मई को होगा। नीट टेस्ट के लिए जिले में कुल 9 एग्जामिनेशन सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों के 100 मीटर के दायरे में जिला प्रशासन ने धारा 163 भी लागू कर दी है। डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने शुक्रवार की शाम को यह आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि मंत्रालय की तरफ से स्टूडेंट्स को जो भी सामान ले जाने की इजाजत होगी, वह ही परीक्षा केंद्रों में ले जाने दिया जाएगा। एग्जामिनेशन सेंटर में मोबाइल, एयर फोन, माइक्रोफोन, पेपर हैल्थ बैंड, स्पीकर, हैडफोन आदि ले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी होगी। इसके अलावा स्टूडेंट्स घड़ी या स्मार्ट वॉच और वैलेट तक भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे। रविवार को नीट का टेस्ट सुबह 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगा। जिले में नीट का यह टेस्ट कैंट स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर 1, माल रोड स्थित स्कूल आफ एमिनेंस, जीजीएसएसएस नवां कोट, माल मंडी स्थित सारागढ़ी मेमोरियल स्कूल, सुल्तानविंड गेट स्थित सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल माहन सिंह रोड, शिवाला मंदिर के नजदीक स्थित जीजीएसएसएम स्कूल, छेहर्टा स्थित एसओई, केंद्रीय विद्यालय नंबर तीन खासा कैंट और ड्रीम लैंड रिजोर्ट खासा के नजदीक स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में लिया जाएगा। नीट के होने वाले टैस्ट में स्टूडेंट्स सिर्फ पोस्टकार्ड साईज फोटोग्राफ सहित एडमिट कार्ड और पहचान के लिए पैन कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड, राशन कार्ड या स्टूडेंट्स आइडी कार्ड ले जाया जा सकेगा। इसके अलावा बुक्स, नोट्स, बिट्स आफ पेपर्स, जमैट्री, पेंसिल बाक्स, प्लास्टिक पाउच, पेंसिल, स्केल, लॉग टेबल, राइटिंग पैड, इरेजर, कैलकुलेटर, कार्ड बोर्डस, पैन ड्राइव, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रोनिक्स पेन/स्कैनर आदि नहीं ले जाए जा सकेंगे। इसके अलावा पेजर, ब्लूटूथ डिवाइस, ट्रांसिस्टर कैपासिटर रेसिस्टेंस, डॉयड, ट्रॉयड व इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, स्मार्ट घड़ी, कैमरा, गॉगल्स, हैंडबैग, हेयरबैंड, बेल्ट, आर्टिफिशयल/गोल्ड आर्नेमेंट्स, कैपस, स्कार्फ व मेटालिक आइटम आदि ले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।


