सिटी िरपोर्टर|धनबाद धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में 4 फरवरी को झामुमो के 53वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारी की पार्टी के नेताओं ने जानकारी दी। समारोह को लेकर रविवार को झामुमो जिला कमेटी की ओर से प्रेसवार्ता की गई। इस दौरान टुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मथुरा महतो ने बताया कि समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो सहित अन्य मंत्री, विधायक आदि शामिल होंंगे। कहा कि मंगलवार दोपहर 12 बजे पार्टी के झंडोत्तोलन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें 50 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। धनबाद व आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आएंगे। वहीं झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन व सचिव मन्नु आलम ने बताया कि गोल्फ ग्राउंड में भव्य पंडाल बना है। परंपरागत वेशभूषा में नृत्य गायन करते हुए महिलाएं और पुरुष शामिल होंगे। लोगों में उत्साह है। जिला सचिव ने कहा कि भीड़ को देखते हुए कार्यकर्ताओं से अपील है कि वे सुबह 11 बजे से पहले गोल्फ ग्राउंड पहुंचें। मेमको मोड़ की ओर से आनेवाले लोगों के लिए पोलिटेक्निक मैदान में पार्किंग स्थल बना है। वहीं टुंडी, निरसा, गोविंदपुर और बलियापुर से आनेवाले कार्यकर्ता कोयलानगर मैदान, जिला परिषद मैदान, निरीक्षण भवन सहित अन्य जगहों पर वाहन पार्क कर सकते हैं। केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमितेश सहाय, केंद्रीय मीडिया पैनलिस्ट डॉ निलम मिश्रा, जिला सचिव मन्नू आलम, जिला प्रवक्ता समीर रवानी के साथ कार्यकर्ता भी मौजूद थे।


