जिले में पहली बार आईसीटी चैंपियनशिप,200 स्कूलों के छात्र-छात्राएं लेंगे भग, बच्चे उत्साहित

भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से गिरिडीह जिले में पहली बार आईसीटी चैंपियनशिप झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले भर के करीब 200 स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता बच्चों में डिजिटल शिक्षा, तकनीकी समझ और नवाचार की क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। शिक्षा महोत्सव 2025 की शुरुआत विद्यालय स्तर पर 23 सितंबर से शुरू होगी जो 29 नवंबर तक चलेगी। 23 सितंबर से 27 सितंबर तक विद्यालय स्तर पर चलेगा। जबकि, तीन अक्तूबर से आठ अक्तूबर तक प्रखंड स्तर पर आयोजित होगा, इसी प्रकार जिला स्तर पर 13 से 19 अक्टूबर तक चलेगा। जबकि राज्य स्तरीय कार्यक्रम 24 से 29 नवंबर तक चलेगा। शिक्षा परियोजना पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद ने बताया कि यह महोत्सव बच्चों को डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा और उनकी तकनीकी दक्षता के साथ प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूत बनाएगा। आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला, प्रखंड और विद्यालय स्तर पर समितियां बनाई गई हैं, साथ ही बजट का प्रावधान भी सुनिश्चित कर दिया गया है। प्रतियोगिता का एक खास हिस्सा ‘ऑफलाइन जे-गुरुजी ऐप’ होगा, जिसके जरिए बच्चों से एमसीक्यू आधारित टेस्ट लिए जाएंगे। सफल प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार व प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके लिए सभी स्तर के प्रतिभागियों के लिए अलग अलग पुरस्कार दिया जायेगा। विद्यालय स्तर पर सफल प्रतिभागियों को कांस्य पदक व सर्टिफिकेट दिया जाएगा।इसी प्रकार प्रखंड स्तरीय प्रतिभागियों को रजत पदक, सर्टिफिकेट व स्कूल बैग, जिला स्तर पर सफल प्रतिभागियों को स्वर्ण पदक, सर्टिफिकेट व स्कूल बैग देकर पुरस्कृत किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *