जिले में पांच वर्ष से कम उम्र के 1.20 लाख बच्चों को डोर टू डोर दी जाएगी ओआरएस पैकेट व जिंक टेबलेट

भास्कर न्यूज | रामगढ़ सिविल सर्जन कार्यालय में बुधवार को स्टॉप डायरिया अभियान का शुभारंभ किया गया। इसका विधिवत उद्घाटन जिले के सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद ने किया। अभियान के शुभारंभ पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चाइल्ड हुड डायरिया से बचाव के लिए स्टॉप डायरिया अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान 1 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान बच्चों को डायरिया से बचाव के लिए समुदाय स्तर पर पांच वर्ष तक के 1.20 लाख बच्चों को डोर टू डोर स्वास्थ्यकर्मी और सहिया दो ओआरएस का पैकेट और चौदह जिंक टेबलेट प्रीपॉजिशन के रूप में जाकर देंगे। जिससे डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखते ही बच्चों को सही समय पर ओआरएस का घोल व जिंक टेबलेट खिलाया जा सके। कै-दस्त के समय ओआरएस व जिंक टेबलेट से काफी हद तक डायरिया के लक्षण से बच्चों को बचाया जा सकता है। उन्होंने अभियान के शुभारंभ पर लोगों से बरसात के दिनों में अपने घर के आसपास स्वच्छ रखने व स्वच्छ पेयजल उबाल कर उपयोग करने की सलाह दी है। जिसके लिए उन्होंने सभी सहियाओं व स्वास्थ्यकर्मियों को लोगों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया है। स्टॉप डायरिया अभियान के शुभारंभ पर जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार चौधरी, डॉ. उदय श्रीवास्तव, डॉ. पल्लवी कौशल, डीपीसी रंजीत कुमार सिंह, अमोद कुमार सहित कई डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *