जिले में संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा:प्रमुख मार्गों का नामकरण शहीदों के नाम पर करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

डीडवाना में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व प्रकरणों के निस्तारण, संपर्क पोर्टल/जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का सात दिवस में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर जोर दिया। जिला कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को जिले के प्रमुख मार्गों का नामकरण शहीदों के नाम पर किए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त छोटी खाटू में 20 जनवरी से आयोजित होने वाले आचार्य महाश्रमण के कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *