सिटी रिपोर्टर |बोकारो गुरुवार को डीसी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खेल संचालन समिति की बैठक हुई। इसमें खेल गतिविधियों के विस्तार, खिलाड़ियों को मंच देने और जिले में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। डीसी ने कहा कि बोकारो जैसे औद्योगिक जिले को खेलों के क्षेत्र में भी पहचान दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सालों भर नियमित खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना चाहिए। बैठक में खेल संघ के प्रतिनिधियों ने जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धि से भी अवगत कराया, जिस पर उपायुक्त ने इस परंपरा को आगे भी जारी रखने की बात कही। डीसी ने खेल संघों को आपसी समन्वय बनाकर वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार करने को कहा। ताइक्वांडो प्रतियोगिता की योजना बनाने का निर्देश बैठक में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 के आयोजन पर चर्चा की गई। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए उपायुक्त ने संबंधित खेल संघ के प्रतिनिधियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया और सभी खेल संघों को इसमें सहयोग करने की बात कहीं। साथ ही सभी खेल प्रतिनिधियों ने दिशोम गुरू स्व. शिबू सोरेन की स्मृति में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति जताई।


