भास्कर न्यूज | बालोद रविवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिले के नगरीय निकाय चुनाव के उम्मीदवारों की बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने ली। उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के बाद आयोग द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान अन्य राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों की आलोचना केवल उनकी नीतियों, कार्यक्रमों, पिछले रिकॉर्ड और कार्यों तक ही सीमित होनी चाहिए। चुनाव प्रचार संबंधी कार्यक्रम, सभा, जुलूस इत्यादि के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों को प्रस्तावित सभाओं के आयोजन स्थल और समय की पूरी जानकारी देनी होगी और सभी आवश्यक अनुमति पर्याप्त समय पहले ले ली जाए। जिले में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सभी के सहयोग से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न होगा। इस अवसर पर ईवीएम का डेमोंस्ट्रेशन कर जानकारी उम्मीदवारों एवं प्रतिनिधियों को प्रदान की गई। बैठक में व्यय प्रेक्षक सुरेश कुमार शर्मा, रिटर्निंग अधिकारी सुरेश साहू, प्रतिभा ठाकरे, प्राची ठाकुर, रामकुमार सोनकर, शिवनाथ बघेल के अलावा नगरीय निकाय निर्वाचन के उम्मीदवार एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे। जुलूस िनकालने के िलए अफसर की अनुमति जरूरी बैठक में बताया कि प्रस्तावित सभाओं के लिए लाउडस्पीकर या ऐसी किसी अन्य सुविधा के प्रयोग के लिए अनुमति प्राप्त की जानी चाहिए। किसी भी जुलूस की शुरुआत और समाप्ति का समय और स्थान और इस जुलूस के मार्ग को पहले ही तय किया जाना चाहिए और संबंधित अनुविभागीय अधिकारी से अग्रिम अनुमति प्राप्त की जानी चाहिए। उन स्थानों, जहां से जुलूस गुजरना है, में लागू यातायात विनियमों और प्रतिबंध आदेशों का पता लगाना चाहिए और उनका पूर्णतः पालन किया जाना चाहिए।


