बीकानेर जिले से इस बार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में 77,762 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 12 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। परीक्षा एक पारी में सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक होगी। जिले के कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में 42553 10वीं और 35209 अभ्यर्थी 12वीं कक्षा के शामिल हैं। पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए जिले में 215 केंद्र गठित किए गए हैं। वही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने मंगलवार को अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। जिन्हें संबंधित स्कूल, अग्रेषण अधिकारी अपनी आईडी, पासवर्ड से डाउनलोड कर प्रवेश पत्रों की हार्ड कॉपी निकालकर प्रमाणीकरण के बाद संबंधित परीक्षार्थियों को वितरित कर सकेंगे। नियमित परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित संस्था प्रधान तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित अग्रेषण अधिकारी डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। किसी प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी की फोटो मुद्रित नहीं होने अथवा अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण होने पर शाला प्रधान व अग्रेषण अधिकारी द्वारा परीक्षार्थी का सही फोटो लगवाकर प्रमाणित कर प्रवेश पत्र परीक्षार्थी को वितरित करना होगा। साथ ही बोर्ड कार्यालय में इसकी सूचना प्रेषित कर संशोधन करवाना होगा। उधर, बोर्ड ने परीक्षा सामग्री भी मंगलवार को संबंधित जिलों में पहुंचा दी है। जिसका वितरण बुधवार से किया जाएगा। प्रश्न पत्र 5 फरवरी को संबंधित जिलों में पहुंचने की संभावना है। 8 फरवरी से शुरू होगा कंट्रोल रूम डीईओ कार्यालय में बोर्ड परीक्षा के तहत 8 फरवरी से कंट्रोल रूम गठित किया जाएगा जो की परीक्षा समाप्ति तक जारी रहेगा। जबकि बोर्ड कार्यालय 5 फरवरी से कंट्रोल रूम प्रारम्भ किया जाएगा, जो 11 मार्च तक कार्यरत रहेगा। बोर्ड परीक्षा के ऑनलाइन सत्रांक 4 मार्च तक भरने होंगे बोर्ड परीक्षा 2026 में उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय, प्रवेशिका एवं व्यावसायिक शिक्षा के नियमित परीक्षार्थियों के सत्रांक विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन 3 फरवरी से 4 मार्च तक तक बोर्ड वेबसाइट पर भरे जाएंगे। सत्रांक भरने सम्बन्धित प्रक्रिया एवं निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। सत्रांक अपलोड करने के बाद इसकी हार्ड कॉपी प्रिन्ट कर सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड को प्रेषित नहीं करें। इस संबंध में बोर्ड ने दिशा निर्देश जारी किए हैं।


