जिस प्रश्न का उत्तर अच्छे से आता हो उसे पहले लिखें

भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा एक मार्च से शुरू होगी। परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि उत्तर लिखने का सही तरीका भी जरूरी है। परीक्षक के सामने छात्र की पहचान उसकी उत्तरपुस्तिका से होती है। सही तरीके से उत्तर लिखने पर अच्छे अंक मिलते हैं, जबकि गलत तरीके से लिखने पर अपेक्षित अंक नहीं मिलते। महात्मा गांधी ने कहा था कि सुंदर लिखावट हाथ का आभूषण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शासकीय हाई स्कूल छिरहा के प्राचार्य डॉ. रमेश चंद्रवंशी ने विद्यार्थियों को सही उत्तर लिखने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ जाएं। प्रश्न पत्र मिलते ही सभी प्रश्नों को ध्यान से पढ़ें। जिस प्रश्न का उत्तर अच्छे से आता हो, उसे पहले हल करें। भले ही वह प्रश्न पत्र में किसी भी क्रम में हो। उत्तरपुस्तिका में प्रश्न क्रमांक को स्पष्ट लिखें और काले पेन से अंडरलाइन करें। एक प्रश्न के बाद दो-तीन लाइन छोड़कर अगला उत्तर लिखें। यदि किसी पेज पर तीन-चार लाइन ही बची हों, तो नया उत्तर नए पेज से शुरू करें। आवश्यकतानुसार पेंसिल से चित्र बनाएं: उत्तर लिखते समय आवश्यकतानुसार पेंसिल से चित्र बनाएं। शब्द सीमा का ध्यान रखें। उत्तर पुस्तिका में बाईं ओर मार्जिन छोड़कर लिखें। यदि किसी प्रश्न के दो विकल्प हों तो वही हल करें, जिसका उत्तर अच्छे से आता हो। सभी प्रश्नों के उत्तर जरूर दें, कोई भी प्रश्न न छोड़ें। गलती होने पर एक सीधी लाइन खींचकर सुधार करें, ज्यादा कट-पिट न करें। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार हेडिंग और बिंदुवार उत्तर लिखें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *