हरियाणा के जींद में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। जींद सीआईए पुलिस ने कैथल रोड बाईपास पर 16 किलो 306 ग्राम अफीम के साथ झारखंड के तीन आरोपियों को काबू किया है। अफीम की तस्करी पंजाब की जानी थी। आरोपियों की पहचान झारखंड के कौमना निवासी पप्पू चौधरी, घंघरी निवासी रणजीत यादव, डूमरी निवासी सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई है। सदर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि सीआईए इंचार्ज मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। तभी एसआई कुलदीप को सूचना मिली कि झारखंड से नशे की बड़ी खेप पंजाब की तरफ ले जाई जा रही है। पुलिस देख भागने लगे नशा तस्कर टीम ने तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत करवाकर कैथल रोड बाईपास पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। टीम मे एसआई कुलदीप, एसआई अशोक, संदीप मलिक, सतीश ढिल्लों भी शामिल थे। सूचना और संदेह के आधार पर शाम साढ़े तीन बजे के करीब स्विफ्ट गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई तो इसमें बैठे तीन युवक भागने की कोशिश करने लगे। तभी पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर नायब तहसीलदार बलराम जाखड़ को बुलाकर गाड़ी की पिछली डिग्गी से दो पॉलीथिन मिली। इसमें एक में 7.228 किलोग्राम और दूसरे में 9.78 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसका कुल वजन 16 किलो 306 ग्राम मिला। पुलिस ने तीनों नशा तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तस्करों को 10 दिनों के रिमांड पर लिया सीआईए इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर 10 दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड की अवधि के दौरान पंजाब में कहां पर तस्करी की जानी थी और झारखंड में कहां से अफीम लेकर आए थे, इसके बारे में पता लगाया जाएगा तो साथ ही इस गिरोह में और कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जाएगी। पूरे हिसार मंडल में अफीम तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई सीआईए इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी पप्पू चौधरी, रणजीत यादव, सिमरनजीत तीनों ही 8वीं से 10वीं पास हैं और नशीले पदार्थ बेचने का धंधा करते हैं। सीआईए इंचार्ज मनीष कुमार कहा कि जींद ही नहीं, पूरे हिसार मंडल में अफीम तस्करी के मामले में यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले करीब 12 किलोग्राम अफीम पकड़े जाने का रिकार्ड था, लेकिन उनकी टीम ने मेहनत और सतर्कता से यह रिकार्ड तोड़ते हुए अपने नाम किया है। डीएसपी संजय कुमार ने सीआईए टीम की तारीफ करते हुए कहा कि एसपी राजेश के निर्देशानुसार अपराध और नशे की रोकथाम के लिए टीम जुटी है। इस दौरान पुलिस प्रवक्ता अमित खर्ब भी माैजूद रहे।


