जीएन कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर किया गया कार्यशाला का आयोजन

भास्कर न्यूज | गढ़वा स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल के परिसर में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के मौके पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं की भागीदारी अत्यंत ही सराहनीय रही। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी एवं उपप्राचार्य बसंत ठाकुर द्वारा प्रज्वलित कर व भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण का उद्देश्य लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है। उन्हें यह समझाना है कि ऊर्जा का संयमित उपयोग करना और दुरुपयोग रोकना क्यों जरूरी है। ऊर्जा हमारे भविष्य का घटक है। आज का बचाव कल के लिए विकास का मार्ग खोलेगा। ऊर्जा संरक्षण पर जोर देते हुए अतिथियों ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है। बल्कि यह आर्थिक रूप से भी फायदेमंद है। खासकर हम सोलर एनर्जी पर ज्यादा जोर दे सकते हैं। क्योंकि यह आसान और सुगम है। यह आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ पर्यावरण और स्थाई ऊर्जा प्रदान करने में मदद करता है।विश्व ऊर्जा संरक्षण दिवस पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करें एवं छोटे- छोटे प्रयासों से ऊर्जा बचाने में योगदान देंगे। यह केवल पर्यावरण को संरक्षित करेगा। बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित भविष्य का निर्माण भी सुनिश्चित करेगा। ऊर्जा के अधिक उपभोग के नकारात्मक प्रभावों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा की वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, जल प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों की कमी ऊर्जा की बर्बादी के कारण उत्पन्न होने वाली प्रमुख समस्याएं हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को निदेशक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक कृष्ण कुमार, विज्ञान शिक्षक वीरेंद्र शाह, जूनियर इंचार्ज खुर्शीद आलम, मुकेश भारती, दिनेश कुमार, नीरा शर्मा, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी, चंदा कुमारी, शालिनी कुमारी, पूजा प्रकाश, संतोष प्रसाद आदि की भूमिका सराहनीय रही। मंच का संचालन कृष्ण कुमार ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन विज्ञान शिक्षक वीरेंद्र शाह ने की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *