भास्कर न्यूज | गढ़वा बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी के नेतृत्व में शहर के रंका मोड़ स्थित इंदिरा गांधी पार्क में कार्यकर्ता धरना पर बैठे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। धरना में जिलाध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा योजना को यूपीए सरकार ने वर्ष 2005 में महात्मा गांधी के नाम से एक रोजगार गारंटी के तहत गरीबों के कल्याण के लिए शुरू किया था। लेकिन भाजपा की सरकार जब से सत्ता में आई है, मनरेगा योजना को कमजोर करने की पुरजोर कोशिश की और केंद्र के हस्ताक्षेप के कारण कभी भी सही समय पर आवंटन गांवों तक नहीं पहुंच सका। वरिष्ठ नेता उदय नारायण तिवारी ने कहा कि पूज्य बापू को पूरे विश्व नमन करता है, लेकिन इस योजना का नाम बदलकर गोडसेवादी पार्टी के लोग बापू का अपमान कर रहे हैं, यह कतई बर्दाश्त नहीं होगा। सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि जिनके भीतर आत्मा नहीं होती, वे महात्मा और आत्मा में विश्वास नहीं करते हैं। जिन्होंने पूजनीय महात्मा गांधी के सत्य, संघर्ष और त्याग को जीवन भर नकारा, वे उनकी विरासत को कैसे समझ सकते हैं। जिला उपाध्यक्ष राम करेश चौबे ने कहा कि आज ‘सत्य के प्रयोग’ और ‘असत्य के दुरुपयोग’ के बीच की लड़ाई है। धरना को त्रिपुरारी सिंह आदि ने भी संबोधित किया। धरना में आजाद अंसारी, उमेश त्रिपाठी, खालिद अशरफ़, योगेंद्रनाथ चौबे, बृजेन्द्र चौधरी, क्याम अंसारी, मनोज गुप्ता, जवाहर चौधरी, संतोष गुप्ता, ऋषभ चंद्रवंशी, नसीम अंसारी, रमेश टुडू, गोलू राम, गुड्डू तिवारी, शौकत, रत्नेश गुप्ता आदि कार्यकर्ता शामिल थे।


